फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PNB फ्रॉड केस: एक्शन में ईडी, नीरव मोदी के 12 ठिकानों पर छापेमारी, 5100 करोड़ की संपत्ति जब्त

Fri, 16 Feb 2018 04:51 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
विज्ञापन
विज्ञापन

पंजाब नेशनल बैंक घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने दुनिया भर की सेलिब्रिटीज के बीच लोकप्रिय अरबपति ज्वेलरी डिजाइनर नीरव मोदी के दिल्ली, मुंबई और सूरत स्थित 12 ठिकानों पर बृहस्पतिवार को छापे की कार्रवाई में 5100 करोड़ रुपये के हीरे, ज्वेलरी और सोना बरामद किया। नाम न छापने की शर्त पर ईडी अधिकारियों ने बताया कि नीरव एवं अन्य आरोपियों की मुंबई में पांच संपत्तियों को सील कर दिया गया। विदेश मंत्रालय से उसका पासपोर्ट रद्द करने के लिए कहा जाएगा।

विज्ञापन


इस मामले में सीबीआई की चार्जशीट के आधार पर मनी लांड्रिंग का केस दर्ज करने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुंबई के कुर्ला स्थित नीरव के आवास, काला घोड़ा स्थित शो रूम, बांद्रा व लोअर परेल में तीन कंपनियों के दफ्तरों, सूरत में तीन परिसरों और दिल्ली में चाणक्यपुरी और डिफेंस कालोनी के शो रूम की तलाशी ली। इसके अलावा सीबीआई ने भी नीरव, उसके भाई, पत्नी, पार्टनर और पीएनबी के अधिकारियों गोकुलनाथ शेट्टी (सेवानिवृत्त) और मनोज खराट के ठिकानों पर छापे की कार्रवाई की। 


हर संभव कार्रवाई करेंगे
पीएनबी के सीएमडी सुनील मेहता ने कहा कि बैंक ने 123 साल के इतिहास में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। घोटाला करने वालों पर कार्रवाई करने के लिए बैंक अपनी पूरी ताकत झोंक देगा। इसके आरोपी 10 बैंक अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है और मामला जांच एजेंसियों को सौंप दिया गया है। अपनी साफ-सुथरी बैंकिंग नीति को लेकर पीएनबी पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। 

विज्ञापन


दो दिन में 8000 करोड़ की चपत
इस घोटाले के कारण पीएनबी के शेयरों में बृहस्पतिवार को 12 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को भी इसके शेयर 10 फीसदी गिरे थे। इस तरह पिछले दो दिनों में बैंक के शेयरधारकों को 8000 करोड़ की चपत लगी है। यह बैंक के सालाना लाभ का छह गुना है।

गीतांजलि के भी शेयर लुढ़के
नीरव मोदी के पार्टनर मेहुल चोकसी की कंपनी गीतांजलि जेम्स के शेयरों में 20 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इस वजह से कंपनी के बाजार पूंजीकरण में 140 करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई। इसके अलावा पीसी ज्वेलर्स और त्रिभुवनदास भीमजी झावेरी के शेयर भी क्रमश: पांच और दो फीसदी से ज्यादा की कमी के साथ बंद हुए।

प्रियंका चोपड़ा ने दर्ज करवाया केस
नीरव मोदी ने अपने नाम के ज्वेलरी ब्रांड का प्रचार करने के लिए अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को ब्रांड अंबेसडर बनाया था। प्रियंका का आरोप है कि उन्हें इसके लिए पूरा भुगतान नहीं किया गया, जिसके खिलाफ उन्होंने नीरव पर केस दर्ज कराया है।

विज्ञापन

घोटाला पकड़े जाने से पहले ही फरार

नीरव मोदी
पीएनबी में घोटाला उजागर होने से पहले ही नीरव 1 जनवरी को देश छोड़कर चला गया। बैंक ने उसके खिलाफ सीबीआई में 29 जनवरी को 280 करोड़ रुपये के घोटाले की शिकायत दर्ज करवाई थी। बाद में बैंक की जांच में यह घोटाला 114 अरब रुपये का निकला, जिसके संबंध में बैंक ने सीबीआई में दो शिकायतें दर्ज करवाई हैं।

सीबीआई के अनुसार नीरव का भाई निशाल भी उसके साथ ही विदेश भाग गया, जबकि उसकी पत्नी अमी और पार्टनर मेहुल चोकसी 6 जनवरी को फरार हुए। सीबीआई ने एफआईआर दर्ज करने के बाद इन चारों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कर दिया है। देश के किसी भी एयरपोर्ट पर उतरते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नीरव भारतीय नागरिक है लेकिन उसकी पत्नी और भाई क्रमश: बेल्जियम और अमेरिका के नागरिक हैं।

स्विट्जरलैंड में होने की संभावना
जांच एजेंसी के अनुसार नीरव के स्विट्जरलैंड में होने की संभावना है। यह घोटाला उजागर होने के छह दिन पहले 23 जनवरी को स्विट्जरलैंड के दावोस में वर्ल्ड इकोनामिक फोरम के मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ग्रुप फोटो में नीरव भी मौजूद था। वह पीएम के साथ गए भारतीय उद्योगपतियों के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में शामिल था। 

घोटाले पर सियासत
दावोस में जनवरी में वर्ल्ड इकोनामिक फोरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मौजूद था नीरव मोदी।
- राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष

राहुल भी 2013 में नीरव के शो में गए थे। कांग्रेस तस्वीरों की राजनीति बंद करे। हमारे पास उसके बड़े नेताओं की अंतरंग तस्वीरें हैं। कांग्रेेस का शीशे का घर चूर-चूर हो चुका हो, उसे दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकना चाहिए।
- रविशंकर प्रसाद, केंद्रीय मंत्री
----
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें