नेशनल हेराल्ड मामले में बुधवार को सील किए गए यंग इंडिया दफ्तर पर फिर से प्रवर्तन निदेशालय की टीम पहुंच गई है। जानकारी के मुताबिक, ईडी के अधिकारियों ने यहां जांच शुरू कर दी है। वहीं कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे भी यंग इंडिया के दफ्तर पहुंचे हैं। ED के अधिकारी उनकी मौजूदगी में ही कार्यालय की जांच कर रहे हैं। दरअसल, ईडी ने आज 12:30 खड़गे को तलब किया था।
इससे पहले, मल्लिकार्जुन खड़गे ने खुद राज्यसभा में कहा था कि मुझे ED का समन मिला और उन्होंने मुझे दोपहर 12.30 बजे बुलाया है। मैं कानून का पालन करना चाहता हूं, लेकिन जब संसद का सत्र चल रहा हो तो क्या उनका समन करना सही है? क्या पुलिस के लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी के आवासों का घेराव करना सही है?
हमको खत्म करने के लिए... डराने के लिए ये सब हो रहा- खड़गे
ईडी सहित अन्य केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को लेकर गुरुवार को राज्यसभा में भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी नोकझोंक हुई और दोनों ने इसे लेकर एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सदन की बैठक हो रही है। मैं भी इस सदन का एक सदस्य हूं और विपक्ष का नेता भी हूं। लेकिन मुझे इस वक्त ईडी का समन आता है कि जल्दी आइए।उन्होंने कहा, ‘‘... जब सदन चल रहा है, उस वक्त ईडी द्वारा मुझे बुलाना, क्या यह उचित है? ’’
अस्थायी रूप से सील किया गया था कार्यालय
प्रवर्तन निदेशालय ने कांग्रेस के स्वामित्व वाले नेशनल हेराल्ड के परिसर में यंग इंडियन का दफ्तर बुधवार को अस्थायी रूप से सील कर दिया था। सूत्रों के मुताबिक, सबूतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई थी। केंद्रीय एजेंसी ने कहा था कि यंग इंडियन के कार्यालय को ईडी की बिना पूर्व अनुमति के खोला नहीं जा सकता। ईडी के अधिकारियों ने कहना था कि छापेमारी की वक्त यंग इंडिया कार्यालय में कोई मौजूद नहीं था। ऐसे में उसकी जांच पूरी नहीं हो सकी थी।