प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के जालंधर जोनल कार्यालय ने 17 नवंबर को एक अनंतिम कुर्की आदेश जारी किया है। इसके तहत 'व्यूनाउ ग्रुप' से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच में 39.73 करोड़ रुपये मूल्य की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया गया है। यह आदेश 'धन शोधन निवारण अधिनियम' (पीएमएलए), 2002 की धारा 5(1) के अंतर्गत जारी किया गया है।
कुर्क की गई संपत्तियों में लगभग 39.29 करोड़ रुपये मूल्य की 61 अचल संपत्तियां (जैसे फ्लैट, आवास, कमर्शियल प्लॉट आदि) और बैंक खाते में मौजूद लगभग 44.31 लाख रुपये की राशि (चल संपत्ति) शामिल हैं। ये संपत्तियां 'व्यूनाउ इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड' और अपराध से प्राप्त धन के हेरफेर व उपयोग से जुड़े अन्य व्यक्तियों/संस्थाओं के नाम पर हैं। इनमें वे संपत्तियां भी शामिल हैं जिनकी पहचान अपराध से प्राप्त धन के रूप में की गई है।
ईडी ने यह जांच उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) स्थित सेक्टर 58 पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर और विभिन्न राज्यों में दर्ज अन्य केसों के आधार पर शुरू की थी। यह जांच व्यूनाउ ग्रुप की 'माईक्लाउडपार्टिकल' पेशकश से संबंधित है। इसके तहत निवेशकों को 'सेल-एंड-लीज-बैक' मॉडल के जरिए डेटा-सेंटर एसेट्स या 'क्लाउड पार्टिकल्स' खरीदने के लिए आमंत्रित किया गया था, जिसमें 120 महीनों तक निश्चित मासिक किराये का वादा किया गया।
जांच से पता चला है कि निवेशकों को बताई गई डेटा-स्टोरेज क्षमता, सर्वरों की वास्तविक क्षमता से कहीं अधिक थी। 'क्लाउड पार्टिकल्स' के नाम पर निवेशकों से 3,717 करोड़ रुपये जुटाए गए, जबकि कंपनी के पास ऐसी कोई सुविधा कभी थी ही नहीं। कंपनी ने शुरुआती निवेशकों को 1,800 करोड़ रुपये वापस कर दिए, लेकिन बाकी बचे लगभग 1,917 करोड़ रुपये कहीं और भेज दिए गए। इस तरह, निवेशकों को न तो कोई रिटर्न मिला और न ही उनका निवेश किया गया पैसा वापस मिला, जिससे उनके साथ धोखाधड़ी हुई।
इससे पहले, इस मामले में जांच एजेंसी ने सुखविंदर सिंह खरौर, डिंपल खरौर और आरिफ निसार को गिरफ्तार किया था। पिछली कार्रवाई में लगभग 178.12 करोड़ रुपये और 19.1 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। 24 अप्रैल 2025 को जालंधर की विशेष अदालत में इनके और इनसे जुड़ी इकाइयों के खिलाफ एक अभियोजन शिकायत भी दायर की गई थी। मौजूदा कार्रवाई में जब्त की गई संपत्तियां, पहले की गई कुर्की के अलावा हैं। अब तक ईडी द्वारा कुल 236.95 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।