आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। जमीन घोटाले के आरोप में घिरीं लालू की बेटी मीसा भारती पर प्रवर्तन निदेशालय का शिकंजा कसता जा रहा है। मीरा भारती के सीए राजेश अग्रवाल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ईडी ने उन पर चार्जशीट दाखिल की है।
राजेश अग्रवाल पर आरोप है कि उन्होंने काले धन को सफेद करने में भूमिका अदा की है, इसलिए दिल्ली के एक कोर्ट में उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है।
Enforcement Directorate files chargesheet against Misa Bharti's Chartered Accountant Rajesh Agarwal in money laundering case. pic.twitter.com/roDZksjkB7
— ANI (@ANI_news) July 21, 2017
गौरतलब है कि आठ हजार करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले राजद सांसद मीसा भारती के पति शैलेश कुमार से भी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूछताछ की थी। ईडी ने शैलेश को बीते सोमवार को ही पेश होने को कहा था, लेकिन तब वह उपस्थित नहीं हुए थे। जिसके बाद उन्हें पेश होने के लिए फिर से समन जारी किया गया था।
इससे पहले राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा से भी आठ घंटे तक पूछताछ की गई थी। शैलेश से मेसर्स मिशैल प्रिंटर्स एंड पैकर्स प्राईवेट लिमिटेड नाम की एक कंपनी और दूसरे वित्तीय मामले में उनकी भूमिका व ईडी की गिरफ्त में आए एक सीए से उनके संबंधों के बारे में पूछताछ की गई थी।
भारती से भी ठीक इसी प्रकार पूछताछ की गई थी। गौरतलब है कि ईडी ने इस मामले में 8 जुलाई को मीसा और कुमार के दिल्ली स्थित तीन फार्म हाउसों और कंपनी की तलाशी ली थी।