नई दिल्ली स्थित महाराष्ट्र सदन घोटाला, आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग समेत 11 मामलों में फंसे महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री छगन भुजबल के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने करीब 11 हजार पन्नों की पहली चार्जशीट दायर कर दी है।
इसमें एनसीपी नेता भुजबल के अलावा उनके बेटे पंकज भुजबल और भतीजे समीर भुजबल का नाम भी शामिल है।ईडी के अधिकारियों के मुताबिक, 870 करोड़ रुपये के महाराष्ट्र सदन घोटाले और इससे संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 11,150 पेज की चार्जशीट दायर की गई है।
चार्जशीट में डीबी रियल्टी, बालवा समूह, नीलकमल रीयल्टर्स एंड बिल्डर्स, नीलकमल सेंट्रल अपार्टमेंट एलएलपी और काकाडे इंफ्रास्ट्रक्चर का नाम भी शामिल है। ईडी द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि जिन अन्य व्यक्तियों के नाम शिकायत में शामिल हैं उनमें विनोद गोयनका, आसिफ बलवा, संजय काकाडे और अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
ईडी ने 14 मार्च को छगन भुजबल को गिरफ्तार किया था। उनके भतीजे पूर्व सांसद समीर भुजबल को फरवरी में ही गिरफ्तार कर लिया गया था। फिलहाल, दोनों न्यायिक हिरासत में मुंबई के आर्थर रोड केंद्रीय जेल में हैं।
छगन भुजबल और समीर भुजबल की न्यायिक हिरासत बृहस्पतिवार को खत्म हो रही है। इसलिए उन्हें बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। भुजबल परिवार पर लगे विभिन्न आरोपों की जांच प्रवर्तन निदेशालय के अलावा महाराष्ट्र सरकार का भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) भी कर रहा है।