धनशोधन के एक मामले में केरल सीपीआई (एम) नेता कोडियेरी बालाकृष्णन के बेटे बिनीश कोडियेरी के तिरुवनंतपुरम स्थित आवास पर की जा रही तलाशी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रोक दी है। इससे पहले बिनीश कोडियेरी के परिवार ने एजेंसी पर धमकाने का आरोप लगाया और धरने पर बैठ गया। इसके बाद एजेंसी ने तलाशी बंद कर दी।
बता दें कि ईडी ने बिनीश के घर और तिरुवनंतपुरम के विभिन्न स्थानों समेत केरल के कई हिस्सों में बुधवार की सुबह छापेमारी शुरू की थी। केरल पुलिस के पास शिकायत की गई थी कि बिनीश की पत्नी, मां और बच्चे को ईडी ने अवैध तरीके से हिरासत में लिया है। इसके बाद केरल राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की एक टीम भी गुरुवार की सुबह बिनीश के आवास पर पहुंची थी।
मोहम्मद अनूप के क्रेडिट कार्ड की बरामदगी का दावा
बिनीश की पत्नी ने आरोप लगाया है कि ईडी के अधिकारियों ने कुछ दस्तावेजों पर दस्तखत करने के लिए उन्हें धमकाया। पत्नी के अनुसार इन दस्तावेजों में बंगलूरू के एक ड्रग केस में आरोपी मोहम्मद अनूप के नाम पर क्रेडिट कार्ड की बरामदगी का दावा किया गया था।
पत्नी बोली, हमारे घर में नहीं था क्रेडिट कार्ड
बिनीश की पत्नी ने मीडिया से कहा, 'तलाशी सुबह शुरू हुई थी और ईडी के अधिकारी पहली मंजिल पर हमारे बेडरूम में गए थे। इसके बाद शाम को वह कुछ दस्तावेजों के साथ आए और हमसे उन पर हस्ताक्षर करने को कहा। इसमें उन्होंने लिखा था कि उन्हें मोहम्मद अनूप के नाम पर एक क्रेडिट कार्ड बरामद हुआ है। मैंने उन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया क्योंकि ऐसा कोई कार्ड हमारे घर में नहीं था। उन्होंने हमें धमकी दी और कहा कि बिनीश को इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा।'
बिनीश कोई डॉन नहीं
बिनीश की पत्नी ने दावा किया है कि एजेंसी अपने साथ पहले से एक क्रेडिट कार्ड लेकर आई थी और उन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए कह रही थी कि क्रेडिट कार्ड उनके घर से बरामद हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारियों ने उनकी मां का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया। उन्होंने कहा, 'वह (बिनीश) कोई डॉन नहीं है। वह मेरे बच्चों का पिता है। हमने उन्हें (एजेंसी को) वो सभी दस्तावेज दे दिए हैं जो उन्होंने मांगे थे। वह इस घर में कल से हैं और उन्होंने खाने के अलावा कुछ नहीं किया है।'
पुलिस ने ईडी से मांगा स्पष्टीकरण
ईडी के अधिकारी जब बिनीश के घर से निकले तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया और परिवार को अवैध तरीके से हिरासत में लेने की शिकायत पर स्पष्टीकरण मांगा। सूत्रों ने अनुसार एजेंसी के अधिकारी पुलिस और आयोग को स्पष्टीकरण देंगे। गुरुवार की सुबह बिनीश के रिश्तेदार परिवार के लिए भोजन लेकर उनके घर आए थे, लेकिन ईडी ने उन्हें प्रवेश करने से मना कर दिया था। इससे पहले सोमवार को बंगलूरू में एक विशेष अदालत ने बिनीश की हिरासत पांच और दिन के लिए बढ़ा दी थी।
29 अक्तूबर को हुई थी गिरफ्तारी
एजेंसी ने बिनीश को कर्नाटर में मादक पदार्थ जब्ती से संबंधित एक धनशोधन के मामले में 29 अक्तूबर को गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने पूछताछ के लिए बिनीश को चार दिन की हिरासत में लिया था। ईडी का आरोप है कि मामले में ड्रग पेडलर अनूप, बिनीश का 'बेनामीदार' था। बिनीश ने अनूप और उसके परिवार को जानने की बात कही है।