ईडी ने गुरुवार को दिल्ली की एक अदालत में दावा किया कि कॉरपोरेट लॉबिस्ट दीपक तलवार के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भगोड़े कारोबारी विजय माल्या से रिश्ते हैं। विशेष न्यायाधीश एसएस मान ने तलवार को 12 फरवरी तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है।
किंगफिशर एयरलाइंस के 62 साल के पूर्व प्रमुख कथित रूप से करीब नौ हजार करोड़ रुपये के धनशोधन एवं धोखाधड़ी के आरोपों में भारत में प्रत्यर्पित किये जाने की प्रक्रिया का सामना कर रहे हैं। वह पिछले साल अप्रैल में गिरफ्तार होने के बाद प्रत्यर्पण वारंट पर ब्रिटेन में जमानत पर रिहा चल रहे हैं।
ईडी ने अदालत से कहा था कि उसे तलवार से पूछताछ करके नागरिक विमानन मंत्रालय, भारतीय राष्ट्रीय विमानन कंपनी लिमिटेड और एयर इंडिया के उन अधिकारियों का नाम पता करना है जिन्होंने कतर एयरलाइंस, एमीरेट्स और एयर अरेबिया सहित विदेशी एयरलाइंस का पक्ष लेकर उसे फायदा पहुंचाया।
तलवार पर आपराधिक साजिश, फर्जीवाड़ा करने और विदेशी मुद्रा नियमन अधिनियम (एफसीआरए) के विभिन्न प्रावधानों के तहत आरोप लगाए गए हैं।केंद्र की पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के दौरान कुछ उड्डयन सौदों में भी उनकी भूमिका जांच के दायरे में है।