प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केरल स्थित एक शैक्षणिक समूह के चेयरमैन और उसके परिवार की 1.60 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की है। यह कार्रवाई फर्जी डिग्रियों के वितरण से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले की गई है।
जांच एजेंसी ने एक बयान में कहा कि केरल के कोल्लम जिला स्थित मॉडर्न ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन जेम्स जॉर्ज, उनकी पत्नी सीमा जेम्स और भारतीय आर्थोडॉक्स चर्च रिलीजियस एंड चेरिटेबल ट्रस्ट के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) की विभिन्न धाराओं के तहत संपत्ति अटैच करने का अस्थायी आदेश जारी किया था।
अटैच की गई आठ अचल संपत्तियां कोल्लम, अलाप्पुझा, त्रिशूर, कन्नूर और वायनाड जिलों में स्थित हैं। ईडी का दावा है कि जांच में पाया गया कि जॉर्ज प्रदेश की विभिन्न यूनिवर्सिटी के प्रमाणपत्र के फर्जीवाड़े में शामिल था।
उसने 2012-15 के दौरान छात्रों को फर्जी प्रमाणपत्र वितरित किए और नौकरी के इच्छुक लोगों से नकदी लेकर उन्हें धोखा दिया। इसके अलावा शैक्षणिक समूह के प्रमोटर अपने मॉडर्न ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के नाम पर फर्जी डिप्लोमा प्रमाणपत्र भी बेचने में शामिल थे। इन लोगों ने बिना कोई कोर्स किए ही छात्रों और नौकरी के लिए आवेदन करने वालों को नकद पैसा लेकर फर्जी प्रमाणपत्र दिए। इनसे अर्जित धन से अचल संपत्तियां खरीदी गईं।