ईडी ने मंगलवार को बताया कि उसने एक बैंक घोटाले और उससे जुड़े मनी लान्ड्रिंग मामले की जांच में कोलकाता की एक कंपनी की 92 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बताया कि पीएमएलए के तहत अटैच की गई एसपीएस स्टील रोलिंग मिल्स लिमिटेड की संपत्ति में एक पांच सितारा होटल, तीन लग्जरी अपार्टमेंट, ऑफिस बिल्डिंग और 0.33 एकड़ जमीन का टुकड़ा शामिल हैं।
कार्रवाई की जद में आई कंपनी ‘एलीगेंट स्टील’ ब्रांड का उत्पादन करती है और इस अप्रैल में उसका नियंत्रण कोलकाता की ही एक अन्य कंपनी ने अपने हाथों में ले लिया था। ईडी ने सीबीआई की तरफ से कंपनी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के आधार पर एक आपराधिक मामला दर्ज किया था। सीबीआई ने अपनी एफआईआर में कंपनी के मालिक बिपिन कुमार वोहरा और अन्य के खिलाफ कोलकाता में इलाहाबाद बैंक की अध्यक्षता वाले आठ बैंकों के एक समूह के साथ 550 करोड़ रुपये का कर्ज घोटाला करने का मामला दर्ज किया था।
जांच के दौरान सामने आया था कि कर्ज के इस पैसे को धोखाधड़ी से विभिन्न शैल (मुखौटा) कंपनियों में ट्रांसफर कर दिया गया था। इसके अलावा कंपनी के मालिकों ने इस पैसे को अपने पांच सितारा होटलों, सिक्योरिटी बिजनेस और पूर्व में लिए कर्ज चुकाने आदि के काम में भी उपयोग में लिया था।