प्रवर्तन निदेशालय ने झारखंड के नक्सल कार्यकर्ताओं की 2.89 करोड़ की संपत्ति अटैच की है। ईडी ने धनशोधन जांच के सिलसिले में यह कदम उठाया है। ईडी के अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि अटैच की गई संपत्ति में माओवादी बिनोद कुमार गंझु, प्रदीप राम और उनके परिवार के नाम पर दर्ज चल व अचल संपत्तियां शामिल हैं।
इसमें अचल संपत्ति हजारीबाग जिले में है और चल संपत्ति में आरोपियों के घर से बरामद 1.49 करोड़ की नकदी, पांच वाहन जिनकी कीमत 89 लाख है और आठ बैंक खातों में जमा कुल 35.18 लाख रुपये की नकदी शामिल है। ईडी प्रतिबंधित वामपंथी चरमपंथी संगठन तृतीया प्रस्वाति समिति (टीपीसी) के सदस्यों द्वारा चतरा जिले में मगध-आम्रपाली कोयला क्षेत्र में ठेकेदारों और कोयला व्यापारियों से जबरन वसूली कर धन जुटाए जाने की जांच कर रही है।
ईडी के आरोपपत्र के मुताबिक बिनोद कुमार और प्रदीप राम मगध ऑर्गेनाइजिंग कमेटी और आम्रपाली शांति समिति नाम से संस्था चलाते हैं और कोयला व्यापारियों से धन वसूलते हैं। गौरतलब है कि टीपीसी झारखंड में प्रतिबंधित है और इसके अधिकतर सदस्य माकपा से जुड़े हैं।