पूर्वी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आरपी कलिता ने सिक्किम पहुंचकर एलएसी के निकट फॉरवर्ड क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सैनिकों के हर विषम परिस्थितियों में बॉर्डर पर जज्बे के साथ तैनात रहने की सराहना की।
पूर्वी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आरपी कलिता ने मंगलवार को सिक्किम में चीन के साथ लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के निकट अग्रिम (फारवर्ड) इलाकों का दौरा किया। आरपी कलिता अपने तीन दिवसीय दौरे पर सिक्किम पहुंचे, जहां उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ऑपरेशनल तैयारियों का भी निरीक्षण किया।
विज्ञापन
पूर्वी सेना के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने लेफ्टिनेंट जनरल को सीमा पर मौजूद स्थितियों की जानकारी दी। लेफ्टिनेंट जनरल कलिता त्रिशक्ति कोर के तीन दिवसीय दौरे पर 14 फरवरी को सिलीगुड़ी के सुकना पहुंचे। इस दौरे में सीमा सुरक्षा पर तैनात सैनिकों से भी मुलाकात कर बातचीत की।
सैनिकों का बढ़ाया मनोबल
उन्होंने सैनिकों की विषम परिस्थितियों में जज्बे के साथ ड्यूटी पर तैनात रहने की सराहना भी की। लेफ्टिनेंट ने सैनिकों का मनोबल बढ़ाते हुए तत्परता से काम करने का आह्वान किया। साथ ही हर सैनिक को हर चुनौतियों से निपटने के लिए हमेशा तैयार और सतर्क रहने को कहा।
विज्ञापन
राज्यपाल से भी मुलाकात की
लेफ्टिनेंट जनरल आरपी कलिता ने सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद और मुख्य न्यायधीश बिश्वनाथ सोमद्दर से भी मुलाकात की है। वर्तमान में बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था और आमजन और सेना में सहयोग जैसे मुद्दों पर मुलाकात में चर्चा की गई।
लेफ्टिनेंट कलिता ने हाल ही में पूर्वी सेना कमान के नए प्रमुख का पद संभाला है। जिसके बाद वे पहली बार दौरे पर यहां पहुंचे। सेना का पूर्वी कमान का मुख्यालय कोलकाता में है। मई 2020 में पूर्वी लद्दाख के गलवान घाटी में भारत और चीन की सेनाओं के बीच झड़प से एलएसी पर तनाव बना हुआ है। इसी बीच लेफ्टिनेंट जनरल ने पदभार संभाला है।