डेढ़ घंटे से भी कम अंतराल में भारत के अंडमान और उत्तरी जापान में भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। जापान में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है, जबकि अंडमान में किसी नुकसान की खबर नहीं है।
रविवार को भूकंप के झटकों से उत्तरी प्रशांत महासागर और अंडमान सागर में डेढ़ घंटे से भी कम अंतराल में दो बार धरती कांपी। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.6 और 5.4 मापी गई। जापान के तट पर शक्तिशाली भूकंप आने के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है।
विज्ञापन
जापान में भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी
भूकंप के बारे में जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने कहा, रविवार को उत्तरी जापानी तट पर शक्तिशाली भूकंप आया और सुनामी की चेतावनी जारी की गई। जेएमए ने कहा कि 6.7 की प्रारंभिक तीव्रता वाला भूकंप इवाते प्रान्त में आया। समुद्र की सतह से 10 किलोमीटर की गहराई पर आए इस भूकंप के बाद मौसम विज्ञान एजेंसी ने उत्तरी तटीय क्षेत्र में एक मीटर तक सुनामी की चेतावनी जारी की है।
अंडमान सागर में 5.4 तीव्रता का भूकंप
इससे पहले भारत में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने कहा कि रविवार को अंडमान सागर में 5.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। एक अधिकारी ने बताया कि भूकंप का झटका अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में महसूस किया गया। हालांकि, भूकंप से जान-माल के किसी नुकसान की कोई खबर नहीं है। भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि भूकंप दोपहर 12.06 बजे आया। इसकी गहराई 90 किलोमीटर में रही।