इससे पहले भारत सरकार ने सोमवार को भूकंप प्रभावित तुर्किये को तत्काल राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की तलाशी और बचाव टीम, चिकित्सा टीम और राहत सामग्री भेजने का फैसला किया था। यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रभावित देश को हरसंभव मदद देने के निर्देश के बाद उठाया गया था।
जानकारी के मुताबिक, 100 सदस्यों की दो एनडीआरएफ टीम प्रशिक्षित श्वानों और आवश्यक उपकरणों के साथ भूकंप प्रभावित इलाके में तलाशी और बचाव अभियान के लिए भेजी गई है। इसके साथ ही प्रशिक्षित चिकित्सकों और पैरा मेडिक की टीम भी आवश्यक दवाओं के साथ रवाना की गई है।
चार देशों में भूकंप ने भारी तबाही मचाई
तुर्किये और सीरिया सहित चार देशों में सोमवार को भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी। यहां बीते दिन तीन बार भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप की वजह से कई इमारतें धराशायी हो गईं। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7.8 मापी गई। सैकड़ों लोग अभी भी मलबे के नीचे फंसे हुए हैं और कई लापता हैं। मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है। तुर्किये में सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है।
21000 से ज्यादा लोग घायल
जानकारी के मुताबिक, तुर्किये और सीरिया में कम से कम 5000 लोग मारे गए हैं और करीब 21000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। देश के उपराष्ट्रपति फिएट ओकटे का हवाला देते हुए बताया रिपोर्ट में बताया गया कि तुकी में करीब तीन हजार लोगों की जान गई है। 10 शहरों में 1,700 से अधिक इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं हैं। वहीं, सीरिया में कम से कम 1600 लोग मारे गए और हजारों घायल हो गए। इस्राइल और लेबनान में भी कई मौतों की आशंका जताई जा रही है।
सीरिया में दवाएं पहुंचाएगा भारत का C130 विमान
भारत आज सीरिया में दवाओं से भरा एक C130 विमान भेजेगा। इसके अलावा दो अन्य सी-17 विमान तुर्की के लिए 60 पैरा फील्ड अस्पताल और कर्मियों के साथ शाम तक रवाना होंगे। अभी तक भारत ने एनडीआरएफ टीम, चिकित्सा दल और राहत सामग्री तुर्की भेजी है। वहीं, इंडिगो ने इस्तांबुल के लिए बोइंग 777 विमान का उपयोग करने वाली अपनी निर्धारित वाणिज्यिक उड़ानों पर मुफ्त आवाजाही की पेशकश की है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि मंगलवार को विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने सीरिया के दूतावास का दौरा किया और भूकंप से हुई तबाही के लिए राजदूत बासम अल-खतीब के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने, शीघ्र सहायता और समर्थन प्रदान करने के लिए पीएम मोदी की प्रतिबद्धता जताई।
तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन
- फोटो : Social Media
तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने बताया है कि भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में 54,000 टेंट, 102,000 बिस्तर भेजे गए। 5,000 स्वास्थ्य कर्मियों को दक्षिणी तुर्की प्रांतों में भेजा गया, बचाव कार्य चल रहा है।