दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत, अफगानिस्तान और पाकिस्तान में
भूकंप के झटके महसूस किये गये हैं। इस भूकंप की रिक्टर स्केल पर तीव्रता 6.1 मापी गई है। भूकंप के झटके दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर महसूस किये गये। पंजाब, हरियाणा, पुंछ और हिमाचल में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
भूकंप का केंद्र
अफगानिस्तान का हिंदु कुश क्षेत्र बताया जा रहा है। वहीं मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक पाकिस्तान में तीव्र भूकंप के झटके महसूस किये गये हैं। जिसके चलते बलूचिस्तान में इस भूकंप की वजह से एक शख्स की मौत हो गई और कुछ लोग घायल भी हुए हैं। इसके अलावा कुछ मकानों में मामूली क्षति भी पहुंची है।
आपको बता दें कि 150 साल बाद लगने वाले पूर्ण चंद्रग्रहण के दिन पूरा देश भूकंप के झटकों से हिल गया। करीब 12 बजकर 39 मिनट पर आए इस भूकंप से लोग इतने सहम गए कि घरों से बाहर आ गए। सड़कों पर जमघट लग गया। मोहाली, पंचकूला और आसपास के गांवों में भी लोगों ने झटके महसूस किए। मोहाली में अफरा तफरी का माहौल है, पंचकूला में लोग सड़कों पर निकल आए हैं।
कुछ देर रुकी रही दिल्ली मेट्रो सेवा
दिल्ली-एनसीआर में लोगों ने इस झटके को महसूस किया और अपने-अपने घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए। वहीं भूकंप के झटकों की वजह से दिल्ली मेट्रो का संचालन भी कुछ देर के लिए रोक दिया गया। इस भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान की हिंदूकुश पहाड़ियां बताया गया है। इसकी गहराई 146 किलोमीटर थी जिसकी वजह से कोई नुकसान नहीं हुआ और वैज्ञानिकों के अनुसार कोई नुकसान होगा भी नहीं।