अरुणाचल प्रदेश के ईस्ट कामेंग जिले में बुधवार शाम भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप शाम करीब चार बजकर 10 मिनट पर आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.4 मापी गई। भूकंप का केंद्र 12 किलोमीटर गहराई में था। ईस्ट कामेंग की सीमा चीन के साथ लगी हुई है। सूचना के मुताबिक, भूकंप के झटकों की वजह से किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। इससे पहले 5 अक्तूबर को राज्य के पंगिन में 4.5, 4 अक्तूबर को बसर में 4.2 और 2 अक्तूबर को 4.1 तीव्रता का भूकंप आया था।