पर्याप्त मात्रा में नए नोटों की उपलब्धता नहीं रहने के कारण 30 दिसंबर के बाद भी लोगों की नकदी समस्या बनी रहेगी। सरकार की योजना खातों से प्रति सप्ताह 24000 रुपये तक की निकासी को जारी रखने और एटीएम की निकासी की सीमा में मामूली बढ़ोतरी ही करने की है।
हालांकि 30 दिसंबर के बाद शुरुआती कुछ दिनों में एटीएम से निकासी की सीमा को पहले की तरह ही अधिकतम 2500 रुपये रखने पर विचार किया जा रहा है। सरकार ने जनवरी के दूसरे हफ्ते में नए नोटों की उपलब्धता के आधार पर नए सिरे से हालात की समीक्षा करने की योजना बनाई है।
गौरतलब है कि खुद प्रधानमंत्री ने लोगों से नोटबंदी के फैसले के 50 दिनों तक परेशानी उठाने का अनुरोध किया था। तब माना जा रहा था कि 30 दिसंबर को यह समय सीमा पूरा होने के बाद सरकार नकदी निकासी में बड़ी राहत देगी।
सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री ने माना कि फिलहाल नए नोटों की उपलब्धता उम्मीदों के अनुरूप नहीं हो पाई है। चूंकि नए साल के पहले हफ्ते में वेतन बंटेंगे। ऐसे में नकद निकासी में कोई बड़ा बदलाव या रियायत की गुंजाइश नहीं है। हां, दूसरे हफ्ते में स्थिति की समीक्षा के बाद रियायत देने का फैसला किया जा सकता है।