बुधवार भोर लगभग साढ़े चार बजे राज्यपाल के सलाहकारों बीबी व्यास व के विजय कुमार ने जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्य सचिव बीवीआर सुब्रह्मण्यम भी इस दौरान उपस्थित थे। व्यास ने कहा कि यात्रा को सुचारु तथा सकुशल संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों ने आपसी समन्वय के साथ बेहतर प्रबंध किए हैं।
विजय कुमार ने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा गया है। साथ ही ट्रैफिक भी सुचारु रखने के प्रयास किए गए हैं। नेकां विधायक देवेंद्र सिंह राणा व भाजपा एमएलसी विक्रम रंधावा ने श्रद्धालुओं को पवित्र यात्रा के लिए मुबारकबाद दी। ज्ञात हो कि यात्रा का समापन 26 अगस्त को होगा। वर्ष 2017 में 2.60 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में मत्था टेका था।
40 हजार जवान लगे हैं सुरक्षा में
यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस, पैरामिलिट्री, एनडीआरएफ व सेना के 40 हजार जवानों को सुरक्षा में लगाया गया है। पहली बार यात्रा में शामिल होने वाले सभी वाहनों की ट्रैकिंग की जा रही है। इसके लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी (आरएफ) टैग वाहनों पर लगाए गए हैं ताकि उनकी लोकेशन पता चलती रहे।
सीआरपीएफ का मोटरसाइकिल दस्ता भी सुरक्षा में सक्रिय रहा। सीआरपीएफ की रोड ओपनिंग पार्टी को भी सुबह से ही सक्रिय रखा जा रहा है ताकि अवांछनीय तत्वों की ओर से यदि आईईडी बिछाया गया हो तो उसे निष्क्रिय किया जा सके। आईजी जम्मू एसडी सिंह जमवाल ने बताया कि यात्रा की सुरक्षा की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। यात्रियों को डरने की किसी प्रकार की जरूरत नहीं है।
बाबा अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर भगवती नगर में देश प्रेम हिलोरे मार रहा था। मौका था यात्रियों के पहले जत्थे की रवानगी का। यात्रा पर रवाना होने से पहले भगवती नगर कैंपस में श्रद्धालुओं ने खूब शान से तिरंगा लहराया।
भारत माता की जय के नारे लगाए। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा था। श्रद्धालुओं का कहना था कि बाबा ने अपने दर पर बुलाया है तो फिर किस बात का डर। न आतंकी से डरेंगे और न ही पत्थरबाजों से। हर हाल में बाबा के दर्शन करेंगे।
राममाधव व निर्मल ने लगाई हाजिरी
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राममाधव व विधानसभा अध्यक्ष डा. निर्मल सिंह ने बुधवार को बाबा बर्फानी के दरबार में मत्था टेका। दर्शन करने के बाद राममाधव ने कहा कि राज्यपाल एनएन वोहरा के नेतृत्व में प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा के लिए बेहतरीन प्रबंध किए हैं। इस बार पवित्र गुफा तक इंटरनेट की सुविधा भी दी गई है।