अमृतसर से उड़ान भरने वाले आठ यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट इंडिगो एयरलाइन की देरी के कारण बंगलूरू पहुंचने के बाद भी छूट गई। इन यात्रियों को चेन्नई जाना था। यह मामला रविवार का है। मंगलवार को इंडिगो ने खेद जताते हुए स्पष्टीकरण दिया है। एयरलाइन का कहना है कि समय की कमी के कारण यात्री अपनी कनेक्टिंग फ्लाइट में नहीं चढ़ पाए।
यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें गहरा खेद है। विमानन कंपनी का यह बयान उन रिपोर्टों के सामने आने के बाद आया है, जिनमें कहा गया था कि एयरलाइन उड़ान भरने के लिए तैयार नहीं थी और उसने यात्रियों को विमान से उतार दिया था। एक बयान में कंपनी ने कहा कि ऐसा अमृतसर से आने वाले विमान की देरी के कारण हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि परिचालन कारणों से चेन्नई उड़ान के लिए विमान में बदलाव किया गया, जिसके कारण यात्रियों को उतरना पड़ा। इंडिगो के अनुसार, उसके कर्मचारियों ने यात्रियों को रातभर ठहरने और अगली उपलब्ध उड़ान में बुकिंग की पेशकश की, लेकिन कुछ यात्रियों ने हवाईअड्डे के लाउंज में रुकने का विकल्प चुना।