Union Commerce Minister Piyush Goyal At Edison
- फोटो : ANI
राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईएफटी), भारतीय पैकेजिंग संस्थान (आईपीपी), इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (एनआईडी), फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट (एफडीडीआई) और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेन ट्रेड (आईआईएफटी ) में छात्रों को अब ड्यूल डिग्री में पढ़ाई का मौका मिलेगा। देश के यह पांचों प्रीमियम संस्थान मिलकर डयूल डिग्री की पढ़ाई करवा सकेंगे। इन सभी संस्थानों में भी अब एनईपी की सिफारिश लागू होंगी। इनसे पासआउट होने वाले युवाओं को रोजगार से जोड़ने के मकसद से पूर्व छात्र, उद्योग और अकादमिक साझेदारी से मार्केट डिमांड के आधार पर पाठ्यक्रम, कोर्स डिजाइन, ट्रेनिंग पर काम होगा।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल की अध्यक्षता में दिल्ली में इन सभी संस्थानों की दो दिवसीय कार्यशाला बृहस्पतिवार को संपन्न हुई। पीयूष गोयल ने कहा कि देश की तरक्की के लिए फैशन के रुझान, उत्पाद डिजाइन, बेहतरीन पैकेजिंग, वस्तुओं और सेवाओं की उच्च गुणवत्ता और उच्च निर्यात का लक्ष्य हासिल किया गया है। इस विकास को आगे बढ़ाने के लिए इन पांच शीर्ष संस्थानों की उद्योग और अकादमिक साझेदारी को बढ़ाना जरूरी है। इनमें भी एनईपी सिफारिशों को लागू करना चाहिए। एनईपी 2020 की सिफारिश के तहत पांचों संस्थान मिलकर ऐसा तंत्र तैयार करें, ताकि छात्रों को ड्यूल डिग्री, एक संस्थान में दाखिला और दूसरे में पढ़ाई की मौका मिल सके। इसके अलावा छात्रों को कौशल विकास, एंटरप्रेन्योरशिप, पर्सनल डेवलेपमेंट आदि के माध्यम से भी जोड़ें।
प्लेसमेंट, दाखिला, पॉलिसी पर भी होगा काम
आने वाले दिनों में यह सभी पांचों संस्थान अब पॉलिसी, प्लेसमेंट, दाखिला, क्रेडिट ट्रांसफर सिस्टम, कोर्स डिजाइन, पाठ्यक्रम आदि पर मिलकर काम करेंगे, ताकि छात्रों को एनईपी 2020 की सिफारिशों के तहत ड्यूल डिग्री, मल्टीपल एंट्री-एग्जिट, ट्रांसडिसिप्लिनरी आदि की सुविधा दी जा सके। इसके अलावा स्टूडेंटस प्रमोशनल स्कीम आदि पर भी काम होगा। वहीं केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन संस्थानों को आगे बढ़ाने में पूर्व छात्रों और उद्योगों का बेहद अहम योगदान है। पूर्व छात्र आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए मदद कर सकते हैं।