गुजरात सरकार ने मंगलवार को विधानसभा को सूचित किया गया कि पिछले डेढ़ साल में राज्य पुलिस ने 5,300 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त किए और इसके अवैध कारोबार में शामिल 102 लोगों को पकड़ा गया। गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने विधानसभा के नियम 116 के तहत चर्चा के दौरान सदन में यह जानकारी साझा की।
उन्होंने हाल के दिनों में समुद्री मार्ग से सीमावर्ती राज्य में हेरोइन जैसे नशीले पदार्थों की डंपिंग को रोकने के लिए भाजपा सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर चर्चा के दौरान कहा, 'अगस्त 2021 से फरवरी 2023 तक गुजरात पुलिस ने 5,300 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत के करीब 1,000 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए और 56 विदेशी नागरिकों सहित 102 आरोपियों को पकड़ा।'