नोटबंदी के बाद अपनी बेटी की भव्य शादी को लेकर चर्चा में रहे खनन कारोबारी जी. जर्नादन रेड्डी एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। राज्य में एक प्रशासनिक अधिकारी के ड्राइवर ने आत्महत्या से पहले लिखे सुसाइड नोट में रेड्डी के 100 करोड़ रुपये को काले से सफेद करने की बात लिखी है।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि ड्राइवर केसी रमेश ने मांड्या जिले में मद्दुर के लॉज में मंगलवार को कथित रूप से जहर खाकर सुसाइड कर लिया। उसने एक सुसाइड नोट छोड़ा है। सुसाइड नोट में रमेश ने विशेष भूमि अधिग्रहण अधिकारी (बंगलूरू) भीमा नायक पर गैर कानूनी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है। ड्राइवर के नोट के अनुसार रेड्डी और वह प्रशासनिक अधिकारी मिलकर उसका मानसिक शोषण करते थे।
ड्राइवर ने पत्र में यह भी लिखा कि रेड्डी ने कर्नाटक के प्रशासनिक सेवा के अधिकारी (जिसका वह शख्स ड्राइवर था) से पैसे सफेद करवाए थे। पुलिस ने कहा है कि वह मामले की जांच कर रही है। रमेश के अनुसार भीमा को पैसा बदलने के बदले 20 प्रतिशत हिस्सा मिला था।
रमेश ने सुसाइड नोट में लिखा कि रेड्डी ने सारा पैसा अपनी बेटी की शादी में लगा दिया। नोट में आगे लिखा गया है कि नायक ने रेड्डी और बीजेपी सांसद श्रीमल्लू से गेस्ट हाउस में मुलाकात की थी। रमेश ने नोट में लिखा है कि 20 प्रतिशत हिस्से के अलावा भीमा कर्नाटक में 2018 में होने वाले चुनाव में टिकट लेने के लिए मदद चाहता था।