मुंबई के रहेजा अस्पताल में नाक, कान और गला विशेषज्ञ सर्जन के तौर पर काम करने वाले डॉक्टर चितरंजन भावे की कोरोना वायरस की चपेट में आने से मौत हो गई है। उन्होंने गंभीर रूप से बीमार एक कोरोना मरीज की सर्जरी की थी जिसके बाद वह खुद वायरस से संक्रमित हो गए।
विडंबना यह है कि सर्जरी के बाद मरीज तो बच गया लेकिन डॉक्टर भावे की मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी सुजाता और बेटी श्रद्धा हैं। उनके निधन पर डॉक्टरों ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर भावे बेहद मिलनसार व्यक्ति थे।
मुंबई में 40 हजार से अधिक हुए कोविड-19 के मामले
मुंबई में सोमवार को कोविड-19 के 1413 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या 40 हजार से अधिक हो गई। यह जानकारी बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने दी। वहीं ठाणे जिले में कोरोना वायरस से एक और पुलिसकर्मी की मौत हो गई।
बीएमसी ने बताया कि देश की वित्तीय राजधानी में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 40,887 हो गई है। इसने कहा कि पिछले 24 घंटे में 40 लोगों की कोरोना वायरस से मौत हो गई जिससे मृतकों की संख्या 1319 हो गई है।
40 मृतकों में से 26 में स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां पहले से थीं। बीएमसी ने कहा कि 193 रोगियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई जिससे ठीक होने वाले रोगियों की संख्या 16,987 हो गई है। इसने कहा कि आज 670 नए संदिग्ध रोगियों को कोविड-19 अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
ठाणे जिले में कोरोना वायरस से 48 वर्षीय पुलिसकर्मी की मौत हो गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वायरस के कारण जिले में यह दूसरे पुलिसकर्मी की मौत है। अधिकारी ने बताया कि उल्हासनगर डिविजन से जुड़े पुलिसकर्मी की मौत 27 मई को हो गई थी लेकिन उसकी स्वैब रिपोर्ट 30 मई को आई जिसमें उसके कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई।
पुणे जिले में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 76 नए मामले सामने आए जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 7826 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि वायरस से आठ और लोगों की मौत होने से मरने वालों की संख्या 345 हो गई है। उन्होंने कहा, 'इन 76 नए मामलों में 64 पुणे नगर निगम सीमा क्षेत्र के हैं, पांच पिंपरी चिंचवड़ इलाके और शेष सात कैंट एवं ग्रामीण इलाकों के हैं।'