अब देश के पूर्वी तट की ओर दुश्मन अपनी नापाक नजर भी नहीं डाल सकेगा। दरअसल, भारतीय नौसेना को सोमवार को पांचवां डॉर्नियर विमान का बेड़ा मिल जाएगा। बताया जा रहा है कि इसके आने से तटीय सुरक्षा में काफी इजाफा होगा। मीनांबकम स्थित नेवल एयर एन्क्लेव में नए हवाई बेडे़ को नौसेनाध्यक्ष करमबीर सिंह नौसेना में शामिल कराएंगे।
एक बयान में कहा गया है कि डॉर्नियर विमान उन्नत निगरानी रडारों, इलेक्ट्रॉनिक सेंसरों और नेटवर्किंग खूबियों से लैस होगा, जो वक्त रहते नौसेना को किसी भी गतिविधि के प्रति अलर्ट करता रहेगा। यह बचाव और खोजी अभियानों में भी अहम भूमिका निभाएगा। इस विमान की तैनाती से नौसेना को पूर्वी तटों पर लगातार निगरानी और समुद्री सुरक्षा के हितों को कायम रखने में आसानी होगी।