प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त संवाददाता संबोधन में कहा, 'राष्ट्रपति ट्रंप ने मादक पदार्थ और इससे जुड़ी समस्याओं से निपटने को प्राथमिकता दी है। आज हमारे बीच मादक पदार्थों की तस्करी, मादक पदार्थ से जुड़े आतंकवाद और संगठित अपराध जैसी गम्भीर समस्याओं के बारे में एक नए तंत्र पर भी सहमति बनी।' वहीं राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा 'हमने मादक पदार्थ रोधी केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया। हम सतत परियोजनाओं के लिए ‘ब्लू डॉट नेटवर्क’ पर काम कर रहे हैं।'
हमने 5जी तकनीक पर की चर्चा: ट्रंप
हमने एक सुरक्षित 5जी वायरलेस नेटवर्क के महत्व और इस उभरती हुई तकनीक की आवश्यकता स्वतंत्रता, प्रगति, समृद्धि पर चर्चा की। इसका इस्तेमाल अभिव्यक्ति की आजादी को दबाने के लिए नहीं होना चाहिए।
अमेरिका भारत को लगभग 60 प्रतिशत निर्यात करता है: ट्रंप
हमारी टीमों ने एक व्यापक व्यापार समझौते के मामले में जबरदस्त प्रगति की है और मैं आशावादी हूं कि हम दोनों देशों के लिए बहुत महत्व का सौदा कर सकते हैं। जबसे मैंने राष्ट्रपति का कार्यभार संभाला है तब से भारत में अमेरिकी निर्यात लगभग 60 प्रतिशत है और उच्च गुणवत्ता वाली अमेरिकी ऊर्जा का निर्यात 500 प्रतिशत बढ़ा है।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र को रखना चाहते हैं सुरक्षित
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका भारत के साथ संतुलित ट्रेड चाहता है। हम हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नशीली दवा के कारोबार को रोकने के लिए हमने समझौता किया है। प्रधानमं6ी मोदी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत और अमेरिका का सहयोग हमारे समान लोकतांत्रिक मूल्यों और उद्देश्यों पर आधारित हैं। खासकर हिन्द प्रशांत क्षेत्र में नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के लिए यह सहयोग विशेष महत्व रखता है।
तेल और गैस के लिए अमेरिका बना महत्वूर्ण स्रोत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तेल और गैस के लिए अमेरिका भारत का एक बहुत महत्वपूर्ण स्रोत बन गया है। उन्होंने कहा 'भारत अमेरिका गठजोड़ उद्योग 4.0 और 21वीं शताब्दी की अन्य उभरती प्रौद्योगिकी पर भी नवोन्मेष और उद्यमिता के नए मुक़ाम स्थापित कर रहा है।'