डोनाल्ड ट्रंप के अहमदाबाद दौरे को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अहमदाबाद नगर निगम, जिला प्रशासन के कामकाज पर केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी बारीकी से नजर जमाए हुए हैं। मोदी के 24 फरवरी को अहमदाबाद में होने वाले 22 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर करीब एक लाख लोगों के मौजूद रहने की संभावना है। ट्रंप ने जो दावा अपने एक वीडियो में किया है, उससे यह संख्या काफी कम है। बुधवार को ट्रंप ने एक वीडियो में कहा था, ‘रोडशो के मार्ग में 70 लाख लोग मौजूद होंगे।’ गौरतलब है कि अहमदाबाद की कुल आबादी 70 से 80 लाख है।
अहमदाबाद नगर निगम आयुक्त विजय नेहरा ने बुधवार को कहा कि इस रोड शो में करीब एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। रोड शो की मार्ग योजना के अनुसार ट्रंप और मोदी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से सबसे पहले साबरमती आश्रम आएंगे। यह रोड शो 22 किलोमीटर लंबा होगा जो अहमदाबाद एयरपोर्ट से शुरू होकर मोटेरा स्टेडियम में खत्म होगा।