कहते हैं डॉक्टर भगवान का रूप होता है और अपने इसी रूप को सार्थक कर दिखाया है देहरादून के चिकित्सकों ने। जी हां, देहरादून के पंडित दीन दयाल उपाध्याय हॉस्पिटल के डॉक्टर्स ने यहां के एक ट्रांसजेंडर को सामाजिक रूप से अपनाया है साथ ही उसे सेक्स चेंज ऑपरेशन में सभी तरह की मदद का वादा भी किया है।
ट्रांसजेंडर अजय पाल देहरादून में रहते हैं जो अपनी पहचान को दुनिया के सामने लाने के बाद खुद के अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। अजय का कहना है कि, समाज में उन्हें बुरी नजर से देखा जाता है साथ ही पड़ोसियों द्वारा उन्हें प्रताड़ित भी किया जाता है।
अजय अपने अंदर के लिंग मतभेद की समस्या को लेकर दीन दयाल उपाध्याय हॉस्पिटल के डॉक्टर के पास गए जहां हॉस्पिटल के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ एल सी पुनेठा ने उनके केस को समझा।
केस को पूरी तरह से समझने के बाद हॉस्पिटल के डॉक्टर्स ने अजय को हर संभव मदद देने का वादा किया है। इस मामले पर डॉ. पुनेठा ने कहा कि हम अजय को जहां तक संभव होगा उनका मुफ्त में इलाज करेंगे। उन्होंने कहा कि, हम सेक्सचेंज सर्जरी की फंडिंग के लिए सामाजिक संगठनों को ढूंढ़ रहे हैं जो इस तरह के लोगों की मदद कर सकें।
बात करें अगर हॉस्पिटल की तो, देहरादून के अस्पतालों में इस तरह के ऑपरेशन के लिए मशीनें नहीं है। ऐसे में अजय पाल को इस ऑपरेशन के लिए देहरादून से बाहर जाना पड़ेगा। डॉक्टर्स के इस कदम के बाद अजय पाल की खुशी सातवें आसमान पर है, उनका कहना है कि, 'मैं हमेशा से गरिमा का जीवन जीना चाहता था और मुझे लगता है इस ऑपरेशन के बाद मेरी यह इच्छा पूरी हो जाएगी।
अजय पाल को शुरू से ही अपने ट्रांसजेंडर होने की कीमत चुकानी पड़ी। कभी समाज की कठुरता को झेला तो कभी अपने की ही निराशा को झेलना पड़ा। पाल को हाल ही में अपने बचाव के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा था जब उनके पड़ोसियों ने ही उन्हें परेशान करना शुरू कर दिया था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी निवेदिता कुकरेती कुमार ने तुरंत जांच के आदेश दिए।