द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) ने वरिष्ठ अभिनेता राधा रवि को पार्टी से निलंबित कर दिया है। उनपर यह कार्रवाई अभिनेत्री नयनतारा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने की वजह से की गई है। डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने रविवार को ट्विटर पर रवि के निलंबन नोटिस को जारी किया।
डीएमके का कहना है कि रवि इस तरीके से काम कर रहे थे जिससे कि पार्टी में असहमति थी। वह पार्टी के अनुशासन को धता बता रहे थे जिसकी वजह से उन्हें अस्थायी तौर पर पार्टी से निलंबित कर दिया गया है।
स्टालिन का कहना है कि पार्टी महिलाओं के अधिकारों को बढ़ावा देती है और एक महिला के खिलाफ रवि के विचार अस्वीकार्य हैं और हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। शनिवार को रवि ने नयनतारा पर उनकी आगामी तमिल फिल्म कोलायूथिर कालम के ट्रेलर लांच के दौरान एक टिप्पणी की थी।
रवि ने कहा था, 'नयनतारा ने एक भूत और देवी सीता का अभिनय किया है। इससे पहले देवी का किरदार निभाने के लिए विजया लोकप्रिय विकल्प थीं। आज किसी को भी देवी का किरदार निभाने के लिए कास्ट कर लिया जाता है। आप जैसा चाहें उसे बोल सकते हैं या उससे बुलवा सकते हैं।'