तमिलनाडु में कथित तौर पर बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के विधायकों ने आज विधानसभा में काले बैज पहनकर विरोध प्रदर्शन किया। सत्र शुरू होने से पहले विधायकों ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। यह विरोध राज्य में युवा लड़कियों के खिलाफ यौन हिंसा की बढ़ती घटनाओं की खबरों के बीच किया गया।
विधायकों ने सीएम के खिलाफ लगाए नारे
विधायकों ने 'मुंह खोलिए, मुख्यमंत्री!', 'क्या आपको पीड़ा की चीखें सुनाई दे रही हैं, मुख्यमंत्री?' और 'युवतियां यहां हैं, 'शेरनी महिलाएं' कहां हैं?' जैसे नारों वाले पोस्टर भी प्रदर्शित किए। डीएमके ने कहा कि तमिलनाडु में युवा लड़कियों के खिलाफ यौन हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं और इसी मुद्दे को लेकर विधायकों ने 'Speak Up CM' (वाई थिरंगा सीएम) नारे वाले काले बैज पहनकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने किया। इस दौरान विधायकों ने टीवीके पर राजनीतिक प्रलोभनों के जरिए विपक्ष को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया। इससे पहले विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने डीएमके अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की अध्यक्षता में आयोजित एक विवाह समारोह में हिस्सा लिया। वहां उन्होंने जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार की आलोचना करते हुए उसे "सोफा मॉडल" सरकार बताया।
उदयनिधि स्टालिन ने विजय की सरकार को बताया सोफा मॉडल
उदयनिधि स्टालिन ने कहा, "आज हम लोगों को सत्ता में मौजूद दल के साथ जाते और उसी के साथ खड़े होते देख रहे हैं। तमिलनाडु में 'सोफा मॉडल' सरकार के दौरान यह अधिक देखने को मिल रहा है।" उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार चाहे कुछ और खरीदे या नहीं, लेकिन अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं और विधायकों को लगातार खरीद रही है।"
डीएमके नेता ने दावा किया कि लोग अब अपने मतदान के फैसले पर पछता रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग अब पछता रहे हैं कि उन्होंने 'सोफा मॉडल' सरकार को वोट दिया। वह दिन दूर नहीं है जब इस सरकार को घर भेज दिया जाएगा।