तमिलनाडु में डीएमके और भाजपा के बीच तनातनी लगातार जारी है। दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच जुबानी जंग एक बार फिर से देखने को मिल रही है। इस बार डीएमके नेता टीआर बालू के बेटे और पार्टी के आईटी विंग के सचिव टीआरबी राजा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर घटिया बंटवारा ही भाजपा जैसी पार्टी का एकमात्र एजेंडा है। जबकि हम राज्य की समग्र भलाई के लिए नागरिक संवाद में शामिल होने का प्रयास करते हैं। यह देखकर दुख होता है कि देश पर शासन करने वाली पार्टी उन अपरिपक्व लोगों को जिम्मेदारी देती है जो विचारधारा और कार्यान्वयन के आधार पर राजनीतिक लड़ाई लड़ने वाले कुछ सम्मानित व्यक्तियों को बदनाम करने की कोशिश करते हैं।