संघ प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को गुजरात के वडोदरा में शाही परिवार के साथ गणेश चतुर्थी मनाई। इस दौरान रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर भी उनके साथ थे। अंग्रेजी अखबार 'अहमदाबाद मिरर' की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पूजा कार्यक्रम श्रीमंत एसवीसीपी ट्रस्ट की ओर से आयोजित किया गया था। बताया जा रहा है कि पूजा में संघ प्रमुख भागवत ने गणेश जी को सोने का जनेऊ चढ़ाया। पूजा आयोजित कराने वाले ट्रस्ट का संचालन वडोदरा का शाही परिवार करता है।
वडोदरा के सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा के बाद भागवत ने कहा, ' देश को अगर परम वैभव हासिल करना है तो भगवान गणेश के गुणों को अपनाना होगा। हमें दूरदृष्टि वाला होना चाहिए, बड़े कान होने चाहिए और गणेश जी की तरह एक बड़ा पेट जो हमें यह सिखाता है कि दूसरों को सुनते हुए कैसे धैर्य रखे और कई अहम बातों को गुप्त रखना है।'