महाराष्ट्र के पालघर में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए कलेक्टर माणिक गुरसाल ने तीन साप्ताहिक बाजार बंद करने का आदेश जारी किया है। जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि जिले में कोरोना के अभी तक कुल 46,110 मामले सामने आए हैं और संक्रमण से 1,205 लोगों की मौत हुई है।
ठाणे में 818 नए मामले
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कोविड-19 के 818 नए मामले सामने आने के बाद यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,66,910 हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि संक्रमण से छह और मरीजों की मौत के बाद, जिले में महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 6,286 हो गई। यहां कोविड-19 से मृत्यु दर 2.36 फीसदी है।
महाराष्ट्र में 9,855 मामले
वहीं पूरे महाराष्ट्र में बीते दिन कोरोनावायरस के 9,855 नए मामले सामने आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 21,79,185 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। वहीं इस खतरनाक महामारी से बीते 24 घंटे में 42 और मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में कुल मृतकों की संख्या 52,280 पर पहुंच गई।
देश में 17 हजार से अधिक मामले
वहीं पूरे देश की बात करें तो एक दिन में कोरोना के 17,407 नए मामले सामने आए जिससे संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,11,56,923 हो गई। देश में करीब एक महीने बाद 17 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। इससे पहले 29 जनवरी को 18 हजार से अधिक मामले सामने आए थे।