10 लाख हेक्टेयर फसल प्रभावित: अजित पवार
डिप्टी सीएम अजित पवार ने कहा कि लगातार बारिश से राज्य में लगभग 10 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। बारिश थमने के बाद नुकसान का आकलन शुरू किया जाएगा।
यहां-यहां बारिश बनी आफत
गढ़चिरौली में सोमवार शाम से लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया है और संपर्क बाधित हो गया है। पर्लकोटा नदी के उफान पर आने के कारण भामरागाड तालुका के 50 से अधिक गांव संपर्क से कटे हुए हैं। इसके चलते भामरागा-अल्लापल्ली राजमार्ग को बंद करना पड़ा। वहीं कोडपे गांव का 19 वर्षीय युवक उफनती नदी पार करते समय बह गया। भूस्खलन के कारण कोल्हापुर-रत्नागिरी राजमार्ग कई घंटों तक बंद रहा। भूस्खलन और गांव के मार्गों में बाढ़ आने के कारण महाड और नागोथाने में सड़क संपर्क बाधित हो गया है।
लंबी दूरी की 14 ट्रेनें रद्द
महाराष्ट्र में भारी बारिश और जलभराव के कारण मध्य रेलवे ने 14 लंबी दूरी की ट्रेनें (7 जोड़ी) रद्द कर दी हैं। जबकि कुछ ट्रेनों को डायवर्ट किया गया। इसके अलावा कई ट्रेनों को शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है। मध्य रेलवे की सीपीआरओ डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया कि बारिश के कारण लंबी दूरी की 14 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। जबकि 16 का समय बदला गया है और 6 ट्रेनों को गंतव्य से पहले स्टेशनों पर ही समाप्त/प्रारंभ किया गया है। इसके अलावा, दो ट्रेनों को परिवर्तित मार्गों से चलाया जा रहा है।