ऐसा लगता है कि जल्द ही भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे राजनयिक विवाद कम नहीं होंगे। सरकारी अधिकारियों के अनुसार पाकिस्तान ने gov.in डोमेन वाली सभी भारत सरकार की वेबसाइट्स को ब्लॉक कर दिया है। इसके साथ ही उसने अगले महीने नई दिल्ली में होने वाली WTO मंत्री बैठक से भी शुक्रवार को अपने आपको पीछे कर लिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान में भारतीय वेबसाइट्स रुक-रुककर खुल रही हैं। जिसके बाद सरकार ने 5 बार राजनयिक कम्युनिकेशन के जरिए पाकिस्तान से कहा है कि वह भारत सरकार की किसी भी वेबसाइट को ब्लॉक ना करें। इस मामले में पहला नोट 18 मई 2007 को जारी किया गया था। इसके अलावा लेटेस्ट नोट इस हफ्ते भेजा गया है।
भारतीय अधिकारियों के अनुसार पाकिस्तान ने ऐसा इसलिए किया है ताकि उसके देश में स्थित
भारतीय राजनयिक और अधिकारी अपनी ही सरकारी वेबसाइट्स को ना देख सकें। हालांकि भारतीय उच्चायोग के पास ऐसी कई शिकायतें आई हैं जिसमें कहा गया है कि पाकिस्तानी नागरिक भारतीय वीजा के फॉर्म को डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं।
एक अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तान में ऐसे एजेंट्स की संख्या तेजी से बढ़ी है जो प्रॉक्सी सर्वर की मदद से पाकिस्तान नागरिकों को वीजा का फॉर्म भरवाने में मदद करते हैं। उन्होंने बताया कि इसकी वजह से भारतीय मिशन के सुचारु कामकाज में दिक्कतें आती हैं। राजनयिक सूत्र ने बताया कि 19-20 मार्च को होने वाली WTO मंत्री बैठक से पाकिस्तान ने खुद को अलग कर लिया है। पाक के इस कदम से राजनयिक विवाद के और बढ़ने के आसार हैं।
WTO बैठक में कई पक्षों पर बातचीत होती है। इस बार भारत ने पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्री परवेज मलिक को बैठक में हिस्सा लेने का निमंत्रण दिया था। जिससे दोनों देशों के रिश्ते सामान्य हो सकें। मलिक ने पहले इसमें शामिल होने की हामी भरी थी लेकिन अब वह नहीं आ रहे हैं।