West Bengal BJP Chief Dilip Ghosh
- फोटो : ANI
पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष का कहना है कि हमारी सरकार पूरे देश में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि एक करोड़ अवैध बांग्लादेशी मुस्लिम अकेले पश्चिम बंगाल में रह रहे हैं। एनआरसी लागू होने के बाद इन घुसपैठियों को उनके देश वापस भेजा जाएगा।
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बारासात में रविवार को एक रैली को संबोधित करते हुए घोष ने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार में भले ही कोई व्यक्ति 500 करोड़ रुपये की सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाता हो, वह व्यक्ति बच जाता है। जब हम सत्ता में आएंगे तो ऐसे हर व्यक्ति की पहचान की जाएगी और उसे गोली मार दी जाएगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
बंगाल के एक करोड़ अवैध बांग्लादेशी मुस्लिमों को भेजेंगे वापस: घोष
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दावे के उलट पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने दावा किया कि एक करोड़ अवैध बांग्लादेशी मुस्लिम अकेले पश्चिम बंगाल में रह रहे हैं। एनआरसी लागू होने के बाद इन घुसपैठियों को उनके देश वापस भेजा जाएगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष घोष ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का विरोध कर रहे लोग या तो बंगाली विरोधी हैं या भारत विरोधी। बंगाल में एक करोड़ बांग्लादेशी मुस्लिम सरकार के दो रुपये प्रति किलो सब्सिडी वाले चावल पर फल फूल रहे हैं। एनआरसी के बाद हम उन्हें वापस भेजेंगे।’
घोष ने आरोप लगाया कि अवैध बांग्लादेशी मुस्लिम पूरे राज्य में आगजनी और हिंसा में शामिल रहे हैं। धर्म के आधार पर सताए गए हिंदुओं का साथ देने के लिए मुझे अगर सांप्रदायिक भी बोला जाएगा, तो मुझे कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
गौरतलब है कि सीएए और एनआरसी को लेकर देशभर में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। दिल्ली और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में प्रदर्शन के दौरान हिंसा भी हुई है। करीब एक महीने पहले दिल्ली के रामलीला मैदान में भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि एनआरसी को लेकर अब तक कोई चर्चा नहीं हुई है, विपक्ष भ्रम फैला रहा है, जिसके चलते लोग सड़कों पर प्रदर्शन और हिंसा कर रहे हैं।