सरकारी कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने मंगलवार को कहा कि उसके दोनों स्वदेशी हेलिकॉप्टर ध्रुव और चेतक को मॉरिशस में समुद्र में फैले तेल की सफाई और बचाव अभियान में लगाया गया है। एचएएल ने कहा कि ध्रुव ने फिर साबित की अपनी क्षमता। एचएएल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि हेलिकॉप्टरों को जापान के कार्गो जहाज एमवी वाकाशिओ से तेल छलकने से समुद्री जीव जंतुओं को नुकसान से बचाने के लिए इनकी सेवा ली जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों यह जहाज चीन से ब्राजील जा रहा था, लेकिन मॉरिशस में प्वाइंट डेस्नी में यह चट्टान से टकरा कर फंस गया था। एचएएल ने बयान में वायुसेना, तटरक्षक बल और मॉरिशस पुलिस को धन्यवाद दिया कि उसके हेलिकॉप्टर लगातार तब तक उड़ते रहे जब तक कि कार्गो में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बचा नहीं लिया गया।