विमानन नियामक संस्था डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) ने एयरएशिया इंडिया के एक पायलट को शुक्रवार को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पायलट ने नौ जून को दिल्ली-श्रीनगर फ्लाइट के दौरान एयर ट्रैफिक सेवा (एटीएस) को गलती से हाईजैक कोड प्रसारित कर दिया था।
सूत्रों ने बताया, 'एयरएशिया इंडिया की फ्लाइट आई5-715 का एक इंजन बंद हो गया था। ऐसे में फर्स्ट ऑफिसर (पायलट) को एटीएस के पास इमरजेंसी कोड 7700 भेजना था, लेकिन गलती से उसने एटीएस को हाईजैक कोड 7500 भेज दिया।' सूत्रों के मुताबिक, डीजीसीए ने इस मामले में 28 जून को पायलट को एक कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
हालांकि, पायलट द्वारा दिया गया जवाब डीजीसीए को संतोषजनक नहीं लगा और शुक्रवार को उसने पायलट को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया। बता दें कि एयरएशिया की दिल्ली-श्रीनगर फ्लाइट के पायलट इन कमांड ने फर्स्ट ऑफिसर की जिम्मेदारी ठीक से न निभाने को लेकर चेतावनी भी दी।