केरल की लड़की देविका ने अपनी मधुर आवाज से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिल जीत लिया। नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली देविका की हिमाचली गीत सुनकर पीएम मोदी खुद को रोक नहीं पाए और ट्वीट कर देविका को बधाई दी। जी हां, देविका की मधुर आवाज में एक हिमाचली गीत सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसे सुन पीएम मोदी मंत्रमुग्ध हुए। पीएम मोदी ने ट्वीट कर देविका की मधुर आवाज की खूब तारीफ की।
प्रधानमंत्री ने मनोरमा न्यूज चैनल पर प्रसारित यह खबर साझा करते हुए मलयालम में ट्वीट किया, 'मुझे देविका पर गर्व है। उसके मधुर गीत ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत!’ के सार को मजबूत किया है।' वहीं, प्रधानमंत्री के ट्वीट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए देविका ने एक न्यूज चैनल को बताया, 'यह अविश्वसनीय है। मैं बहुत खुश हूं। जब मैंने गाना गाया था, तब सोचा भी नहीं था कि मुझे खुद प्रधानमंत्री सर से तारीफ मिलेगी।'
मनोरमा न्यूज चैनल द्वारा दिखाई गई खबर में देविका ने कहा कि अब तक 40 लाख से ज्यादा लोग उसका वीडियो देख चुके हैं। एक दिन पहले, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने फेसबुक पेज पर तिरुवनंतपुरम की देविका का एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वह ‘चंबा कितनी...दूर’ गीत गाती नजर आ रही हैं। ठाकुर ने वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि उसने 'पूरे राज्य का दिल जीत लिया।'
ठाकुर ने देविका को हिमाचल प्रदेश की यात्रा पर भी आने का न्योता दिया। तिरुवनंतपुरम के पोट्टम स्थित केंद्रीय विद्यालय में नौवीं कक्षा की छात्रा देविका ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के तहत यह हिमाचली गीत गाया था। केरल के संस्कृति मंत्री ए के बालन ने भी टेलीफोन कर देविका को बधाई दी।