देवेंद्र फडणवीस ने आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ताधारी पार्टी के कार्यालयों या विरोध प्रदर्शनों और शपथ ग्रहण समारोहों में जब हजारों लोग आते हैं तब कोरोना नहीं फैलता है लेकिन विधानसभा सत्र को चलाने में कोरोना का बहाना बनाया जाता है।
महाराष्ट्र विधानसभा में नेता विपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को राज्यपाल से मिलने के बाद विधानसभा सत्र को लेकर एक बार फिर से राज्य सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा कोरोना का हवाला देते हुए विधानसभा सत्रों को टालने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मात्र दो दिनों के लिए 5 और 6 जुलाई को मानसून सत्र का प्रस्ताव रखा है इससे साफ पता चलता है कि सरकार जन सरोकार के मुद्दे से भागने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ताधारी पार्टी के कार्यालयों या विरोध प्रदर्शनों और शपथ ग्रहण समारोहों में जब हजारों लोग आते हैं तब कोरोना नहीं फैलता है लेकिन विधानसभा सत्र को चलाने में कोरोना का बहाना बनाया जाता है।
विज्ञापन
फडणवीस ने कहा कि किसान और मराठा आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे जिसका समाधान जल्द से जल्द जरूरी है लेकिन यह सरकार इन पर चर्चा करने की बजाय इससे बचना चाहती है। फडणवीस ने कहा कि हमारी बातों को नहीं सुनी जा रही है और यही कारण है कि हम आज व्यापार सलाहकार समिति की बैठक से बाहर चले गए।
यह सरकार एक दिन अपने आप गिर जाएगी : फडणवीस
यह सरकार एक दिन अपने आप गिर जाएगी, तब तक हम विपक्ष की भूमिका मजबूती से निभाएंगे। जिस दिन सरकार गिरेगी, हम विकल्प देंगे। हमें विश्वास है कि भाजपा 2024 में बहुमत से जीतेगी और राज्य प्रत्येक नागरिक की बात सुनी जाएगी।