महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को आरोप लगाया कि राज्य में शिवसेना का एनसीपी (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) और कांग्रेस के साथ गठबंधन पहले से ही तय था। उन्होंने दावा किया कि यह गठबंधन भाजपा को सत्ता से दूर करने के लिए पूर्व नियोजित कदम था।
एक स्थानीय समाचार से बातचीत के दौरान फडणवीस ने कहा कि उन्होंने अपनी सरकार के पांच साल के कार्यकाल के दौरान शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को, जो फिलहाल तीनों दलों के महा विकास अघाड़ी सरकार में मुख्यमंत्री हैं, कभी निराश नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि शिवसेना ने उन्हें सत्ता से दूर करने का पहले ही मन बना लिया था।
उन्होंने कहा, ‘चुनाव के बाद के दिनों के दौरान शिवसेना के व्यवहार पर सोचने पर मैंने महसूस किया कि शिवसेना का राकांपा और कांग्रेस के साथ गठबंधन पूर्वनियोजित था।’ फडणवीस ने दावा किया, ‘हमारे पिछले पांच साल के कार्यकाल के दौरान मैंने कभी उद्धव ठाकरे को किसी मुद्दे पर निराश नहीं किया, फिर भी 2019 के चुनाव के बाद उद्धव जी ने मेरे फोन कॉल तक का भी उत्तर नहीं दिया।’