बैली ब्रिज, गलवां घाटी
- फोटो : File Photo
इस पुल के बनने के बाद भारतीय पैदल सेना (इन्फेंट्री) को ठंडी पहाड़ी नदी को पार करने में जहां आसानी होगी वहीं ये इस संवेदनशील क्षेत्र में भारत की पकड़ को भी मजबूत करेगा। इसके अलावा लेह के दरबुक से दौलत बेग ओल्डी (काराकोरम दर्रा के ठीक दक्षिण में स्थित अहम मिलिट्री बेस) तक बन रहे 255 किलोमीटर की रणनीतिक सड़क की रक्षा भी करेगा।
इस पुल की अहमियत को इसी से समझा जा सकता है कि एलएसी से करीब 7-8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित भारतीय सेना के बेस कैंप (120 किलोमीटर कैंप) से सीमा पर पहुंचने में आसानी होगी और साथ ही इस इलाके में भारत की तरफ से तेजी से निर्माण कार्य किए जा सकेंगे।
भारतीय सेना के अधिकारियों ने एक अंग्रेजी अखबार से बताया कि चाहे कैसी भी परिस्थिति हो, वे अपने इलाके में निर्माण कार्य आगे भी तेजी से जारी रखेंगे।
गौरतलब है कि इसी हफ्ते सोमवार (15 जून, 2020) की रात को पैट्रोलिंग पॉइंट-14 के पास ही चीनी सैनिकों ने भारतीय सैनिकों पर पत्थर, कंटीली तारों और लोहे के रॉड से हमला कर दिया था, जिसमें भारत के 20 जवान शहीद हो गए थे और कई बुरी तरह घायल हुए थे। वहीं चीन की तरफ से अनाधिकारिक तौर पर 43 जवानों की मौत हुई थी।