The Chief of Defence Staff, General Bipin Rawat
- फोटो : ANI
देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत की ताकत बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने शुक्रवार को सैन्य मामलों के विभाग में 38 अधिकारी नियुक्त किए हैं। रावत की टीम में दो संयुक्त और 13 उपसचिव होंगे। इसके अलावा 25 अवर सचिव भी कामकाज संभालेंगे।
सूत्रों के मुताबिक तीनों सेनाओं के बीच सामंजस्य बढ़ाने और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए बने रोडमैप के तहत सरकार ने ये नियुक्तियां की हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा मंजूरी के बाद जनरल बिपिन रावत ने इस साल पहली जनवरी को पहले सीडीएस का पद संभाला था। इसके बाद बीते दिनों में रावत ने रक्षा मंत्रालय के विभिन्न जरूरी विभागों के साथ बैठकें की हैं।
सीडीएस के तौर पर जनरल रावत तीनों सेनाओं के मामले में गृहमंत्री के प्रधान सैन्य सलाहकार भी होंगे। इसके अलावा तीनों सेनाओं की संयुक्त योजना के तहत रक्षा उपकरणों की खरीद, प्रशिक्षण, संचालन में आवंटित बजट के पूर्ण उपयोग को सुनिश्चित करने में भी सीडीएस की अहम भूमिका होगी।