नोटबंदी के कदम से किसानों को झेलनी पड़ रही परेशानी की चिंता सरकार को सताने लगी है। किसानों के बीच सरकार के खिलाफ शुरू हो रही नाराजगी को भांपते हुए पश्चिम यूपी से ताल्लुक रखने वाले मोदी सरकार के मंत्री संजीव बालियान ने शुक्रवार को वित्त मंत्री अरुण जेटली से मुलाकात की है।
जेटली से उन्होंने किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में नकदी का प्रवाह बढ़ाने का आग्रह किया है। तो नकदी की कमी के वजह से किसानों के सामने आ रही प्रमुख समस्याओं से वित्त मंत्री को अवगत कराया है।
सूत्र बताते हैं कि शुक्रवार को बालियान ने नकदी की कमी की वजह से किसानों के सामने आ रही मुश्किलों को लेकर संसद भवन में जेटली से मुलाकात की। बालियान ने वित्त मंत्री को अवगत कराया है कि गन्ने का बकाया भुगतान न होने की वजह से पश्चिमी यूपी के किसान पहले से ही परेशान हैं। ऊपर से नोटबंदी के कदम से उनके बीच नकदी का संकट पैदा हो गया है।
इसके अलावा गेहूं से आयात शुल्क हटाने के कदम को लेकर भी किसानों के बीच सरकार की छवि का नुकसान हो सकता है। बताया जा रहा है कि गेहूं से आयात शुल्क हटाने के मामले को लेकर संघ के कुछ शीर्ष अधिकारियों ने सरकार के प्रमुख नेताओं से बातचीत भी की है।