सरकार के तमाम दावों के बावजूद 500 और 2000 के नए नोट पाने की मची मारामारी से जल्द निजात की संभावना नहीं दिख रही। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शनिवार को स्वीकारा कि एटीएम को नए नोटों के आकार के अनुरुप बनाने में दो से तीन हफ्ते लग जाएंगे। बैंकों और एटीएम पर लगी लाईनें और आम लोगों की परेशानियों की आ रही खबरों से सरकार की चिंतित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को स्थिति की समीक्षा करेंगे। मोदी जापान की तीन दिवसीय यात्रा पूरी कर शनिवार रात दिल्ली पहुंच गए।
उच्चपदस्थ सरकारी सूत्रों के मुताबिक वित्त मंत्री अरुण जेतली और रिजर्व बैंक गवर्नर उर्जित पटेल प्रधानमंत्री को अबतक के हालात केबारे में जानकारी देंगे। सूत्रों ने बताया कि जेटली ने शनिवार को रिजर्व बैंक और वित्त मंत्रालय के उच्च अधिकारियों केसाथ आपात बैठक की। पुराने नोट जमा करने और नए नोटों केसुचारु वितरण को लेकर देश के ज्यादातर बैंकों से शिकायत मिली है। केंद्र को एटीएम में सिर्फ 100 के नोट निकलने की वजह से बड़ी परेशानियों की शिकायत भी मिल रही है। शनिवार की बैठक में इस समस्याओं से निजात पाने को लेकर गहरी मंत्रणा की गई।
सूत्रों ने बताया कि 30 दिसंबर को बाद काले धन पर अंकुश के लिए नए सिरे से रणनीति तय की जाएगी। प्रधानमंत्री ने जापान में दिए अपने भाषण में आगाह किया है कि 30 दिसंबर केबाद काला धन रखने वालों को कोई मौका नहीं दिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक सरकार लोगों की परेशानियों को लेकर विपक्ष के हमले की आशंका का तोड़ निकालने की कोशिश में भी जुटी है। गौरतलब है कि पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने पुराने नोट के चलन खतम करने के प्रधानमंत्री के एलान के बाद सरकार को आगाह किया था। चिदंबरम ने कहा था कि अगर सरकार नोट बदलने का काम सुचारु तौर पर नहीं कर पाई तो एकजुट विपक्ष इस योजना का तगड़ा विरोध करेगा।