राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (एनसीबीसी) 87 जातियों को ओबीसी सूची में शामिल करने के प. बंगाल सरकार के प्रस्ताव पर 3 नवंबर को सुनवाई करेगा। एनसीबीसी ने राज्य सरकार से विभिन्न मदों के तहत जानकारी भी मांगी है। इसमें 87 ओबीसी जातियों में चयनित उम्मीदवारों का जाति-वार विवरण, तृतीय श्रेणी, चतुर्थ श्रेणी और सफाई कर्मचारियों का जाति-वार विवरण, शैक्षणिक संस्थानों में 87 ओबीसी जातियों के छात्रों को वितरित छात्रवृत्ति, पिछले तीन वर्षों और चालू वर्ष के दौरान योजनाओं में लाभार्थियों का जातिवार विवरण शामिल है। एनसीबीसी ने कहा, पं. बगाल सरकार ने राज्य में ओबीसी का आरक्षण 17 फीसदी से बढ़ाकर 22 फीसदी करने की सिफारिश की है।
अंतरराष्ट्रीय बैंकर अशोक वासवानी कोटक महिंद्रा बैंक के एमडी-सीईओ
अंतरराष्ट्रीय बैंकर अशोक वासवानी को तीन साल के लिए कोटक महिंद्रा बैंक का एमडी और सीईओ नियुक्त किया गया है। आरबीआई ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। हालांकि, शेयरधारकों की मंजूरी लेनी बाकी है। वासवानी उदय कोटक की जगह लेंगे। उदय कोटक को दिसंबर में पद छोड़ना था, पर उन्होंने चार महीने पहले ही पद छोड़ दिया था। वासवानी हाल में बार्कलेज से जुड़े थे।
मां दुर्गा से प्रार्थना करूंगा बंगाल में आसुरी शक्तियां पराजित हों : नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा उत्सव में शामिल हुए और कहा कि वह मां दुर्गा से प्रार्थना करेंगे कि राज्य में ‘आसुरी शक्तियां’ नष्ट हो जाएं और राज्य में ‘देवदूतों’ की जीत हो। नड्डा सुबह लगभग 11 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर पहुंचे और यहां से सीधे दुर्गा पूजा में शामिल हुए। सबसे पहले उन्होंने हावड़ा शहर में एक पूजा पंडाल का दौरा किया।
दशकीय जनगणना में शामिल करें जातीय गणना : स्टालिन
तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने शनिवार को पीएम मोदी से आग्रह किया कि आगामी दशकीय जनगणना में जातीय गणना को भी शामिल किया जाए। पीएम को पत्र में लिखा कि इसके लागू होने पर यह विकास के लाभों को सबसे कमजोर वर्गों तक पहुंचाने और एक मजबूत, अधिक समावेशी भारत का निर्माण करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
कर्नाटक भाजपा के हैंडल से अपमानजनक पोस्ट, केस दर्ज
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के खिलाफ कर्नाटक भाजपा के सोशल मीडिया हैंडल से अपमानजनक पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, तुमकुरु जिला निवासी श्रीनिवासमूर्ति पर केस दर्ज किया गया है और उसका पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने उस व्यक्ति के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी, क्योंकि इससे उनकी जांच प्रभावित होने की आशंका है।
आंध्र हाईकोर्ट के चार अतिरिक्त न्यायाधीशों ने ली शपथ
आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के चार नए अतिरिक्त न्यायाधीशों को विजयवाड़ा में राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने शपथ दिलाई। चार नए अतिरिक्त न्यायाधीशों में जस्टिस हरिनाथ नुनेपल्ली, जस्टिस किरणमयी मंडावा, जस्टिस सुमति जगदम और न्यापति विजय शामिल हैं। समारोह में हाईकोर्ट के न्यायाधीश, मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी मौजूद रहे।
आईसीआईसीआई बैंक का मुनाफा 36 फीसदी बढ़कर 10,261 करोड़
आईसीआईसीआई बैंक को सितंबर तिमाही में 10,261 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। एक साल पहले समान तिमाही में 7,558 करोड़ की तुलना में यह 36 फीसदी अधिक है। बैंक ने बताया, कुल आय बढ़कर 40,697 करोड़ और ब्याज आय 26,033 करोड़ से बढ़कर 34,920 करोड़ रही है।
कोटक महिंद्रा बैंक को 3,191 करोड़ रुपये का फायदा
कोटक महिंद्रा बैंक को सितंबर तिमाही में 3,191 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है जो एक साल पहले समान तिमाही में 2,581 करोड़ की तुलना में 24 प्रतिशत अधिक है। बैंक ने बताया कि कुल आय इस दौरान बढ़कर 13,507 करोड़ रही है। शुद्ध ब्याज आय 23 फीसदी वृद्धि के साथ 6,297 करोड़ रुपये रही।
आईडीबीआई का लाभ 60 फीसदी बढ़कर 1,323 करोड़ रुपये रहा
आईडीबीआई को सितंबर तिमाही में 1,323 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। एक साल पहले की समान तिमाही के 828 करोड़ रुपये के मुकाबले यह 60 फीसदी ज्यादा है। बैंक ने बताया कि कुल आय 6,924 करोड़ रुपये रहा है, जबकि शुद्ध ब्याज आय बढ़कर 6,035 करोड़ रुपये रही।