मुखर्जी नगर स्थित एक कोचिंग इंस्टीट्यूट की निदेशक से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रंगदारी नहीं देने पर आरोपी ने दिल्ली भर में फैले इंस्टीट्यूट की नौ शाखाओं को बम से उड़ाने की धमकी दी है। इंस्टीट्यूट के निदेशक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मुखर्जी नगर में प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करवाने वाले केडी कैंपस नाम का इंस्टीट्यूट है। इंस्टीट्यूट की निदेशक नीतू सिंह ने 22 सितंबर को मुखर्जी नगर थाने में रंगदारी मांगे जाने की शिकायत की।
शिकायत में उन्होंने कहा कि उनसे एक करोड़ रुपये रंगदारी मांगी गई है। 21 सितंबर की दोपहर तीन बजे उनके व्हाट्स ऐप पर एक संदेश आया।उसमें लिखा गया था कि वह एक महिला के मार्फत इको स्पोर्ट्र्स कार से एक करोड़ रुपये बुराड़ी इलाके में भेज दे। ऐसा नहीं करने पर आरोपी ने इंस्टीट्यूट नौ
शाखाओं को बम से उड़ाने की धमकी दी। निदेशक ने मुखर्जी नगर थाने में इसकी लिखित शिकायत देते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने फोन नंबर की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इससे पूर्व भी इंस्टीट्यूट में घुसकर नीतू सिंह से मारपीट की घटना को अंजाम दिया जा चुका है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।