पश्चिम बंगाल के बंटवारे की मांग के बाद अब केरल और तमिलनाडु के विभाजन की मांग उठने से आगामी संसद सत्र के हंगामेदार होने की संभावना है। दरअसल स्थानीय भाजपा नेताओं ने तमिलनाडु को दो हिस्सों में बांटने की मांग उठाई है। वहीं केरल के विभाजन की मांग एक छात्र संगठन ने की है।
समस्त केरल सुन्नी स्टूडेंट फेडरेशन ने केरल के मुस्लिम बहुल उत्तरी इलाकों को पृथक मालाबार राज्य बनाने की मांग की है। फेडरेशन का कहना है यदि राज्य और केंद्र सरकार उसकी मांग नहीं मानती है तो वे आंदोलन छेड़ेंगे। उन्होंने कोझिकोड को नए राज्य की राजधानी बनाने की घोषणा भी कर दी है। प्रस्तावित नए राज्य में उत्तर केरल के कन्नूर, वायनाड कोझिकोड, मल्लापुरम और कासरगोड जैसे जिले हैं, जहां मुसलमानों की अच्छी खासी आबादी है।
कोंगूनाडु को अलग राज्य बनाने की मांग
तमिलनाडु के भाजपा नेताओं ने राज्य के पश्चिमी हिस्से को अलग कोंगूनाडु राज्य बनाने की मांग की है। राज्य भाजपा के महासचिव के नागराजन का कहना है कि यह मांग उस भौगोलिक क्षेत्र में रहने वालों की है, भाजपा केवल उनकी आवाज बन रही है।
बंगाल विभाजन की उठी मांग
इससे पहले पश्चिम बंगाल भाजपा के कई नेताओं ने उत्तर बंगाल को अलग राज्य बनाने की मांग की थी। इनमें कूचबिहार, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, कालिमपोंग और दार्जिलिंग जिले आते हैं। गत विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इन जिलों की लगभग 80 फीसदी सीटें जीती थीं।