कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन के वरिष्ठ नेता और वह खुद चेन्नई जा रहे हैं। वहां वे तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) के प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे। वे स्टालिन और द्रमुक से परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील करेंगे।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर क्या कहा?
राहुल गांधी ने एक्स पर कहा कि लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। इससे भाजपा और आरएसएस को पूरे देश का चुनावी नक्शा अपने फायदे के हिसाब से बदलने की असीमित छूट मिल जाएगी।
स्टालिन को लेकर क्या बोले राहुल?
राहुल गांधी ने कहा, भाई स्टालिन हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ चट्टान की तरह खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा, राष्ट्रीय हित में तमिलनाडु के हित में और संविधान की रक्षा के लिए हमें इस विधेयक को मिलकर हराना होगा।
एमके स्टालिन ने राहुल के बयान पर क्या कहा?
वहीं, द्रमुक प्रमुख स्टालिन ने भी एक एक्स पोस्ट में राहुल गांधी का आभार जताया। उन्होंने लिखा, भाई राहुल गांधी का मैं दिल से धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में द्रमुक की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार किया। हमने हमेशा हर फैसला लेते समय तमिलनाडु और अपने तमिल लोगों के हितों को सबसे ऊपर रखा है। उन्होंने आगे लिखा, हम इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेंगे। मुझे पूरा भरोसा है कि इतिहास हमें कट्टाबोम्मन के रूप में याद रखेगा, एट्टप्पन के रूप में नहीं।
ये भी पढ़ें:
परिसीमन विधेयक LIVE: आज स्टालिन और शरद पवार से खरगे की मुलाकात; सोनिया गांधी भी जा सकती हैं साथ
30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगा संसद सत्र
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान सरकार दो अहम विधेयक पेश करने की तैयारी में है। ये विधेयक परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े हैं।
लोकसभा की बैठक सोमवार को होगी। वहीं, राज्यसभा की बैठक बुधवार यानी 2 दिसंबर को फिर शुरू होगी। सरकार सोमवार को लोकसभा में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 पेश करेगी। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के दोनों विधेयक पेश करने की उम्मीद है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को इन प्रस्तावों को मंजूरी दी थी। इनके तहत सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोकसभा की सीटें 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव है। इससे लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़कर 850 हो जाएगी। राज्यों के बीच सीटों का नया बंटवारा 2051 तक सुरक्षित रहेगा। यानी इस अवधि तक सीटों के बंटवारे में बदलाव नहीं होगा।
वहीं, केंद्र सरकार के लोकसभा और विधानसभा सीटों में पचास फीसदी बढ़ोतरी के प्रस्ताव के खिलाफ दक्षिण राज्यों के नेताओं ने लामबंदी शुरू कर दी है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने रविवार को दिल्ली में केरलम और तेलंगाना के अपने समकक्षों वीडी सतीसन और रेवंत रेड्डी से मुलाकात की।