इधर, कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने भी हिंसा की इन घटनाओं की निंदा की। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में आज पूरा दिन हिंसा से भरा रहा। हिंसा से सिर्फ और सिर्फ आम जनता और देश का नुकसान होता है।
उन्होंने कहा कि इसे रोकने की जिम्मेदारी हम सबकी है। महात्मा गांधी का देश शांति का देश है। सभी दिल्लीवासियों से मैं शांति की अपील करती हूं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अनुरोध करती हूं कि वे शांति और अमन बनाए रखने के लिए प्रयास करें।
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के जरिए कहा कि दिल्ली पुलिस कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने में पूरी तरह से विफल रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं जबकि गृह मंत्री चुप हैं। गृह मंत्री को जिम्मेदारी लेनी चाहिए और तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। दिल्ली के लोग राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की कीमत चुका रहे हैं।
पार्टी ने यह भी कहा कि दिल्ली के कुछ हिस्सों में भयावह हिंसा हो रही है, जिस वजह से एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई, जो कि बहुत दुखद है। हम सभी लोगों से राजधानी में शांति और कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने की अपील करते हैं।