दिल्ली में खुफिया एजेंट बनकर भारत आने वाले विदेशियों को लूटने के आरोप में एक ईरानी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के लाजपत नगर में रहने वाले हुसैन रिजाफर्द अहमद (46) के रूप में हुई है। वह मेडिकल वीजा पर 21 मई को दिल्ली आया था। भारत आने के बाद अहमद ने दो अन्य लोगों के साथ दोस्ती की, जिनकी तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि तीनों ने मिलकर मेडिकल वीजा पर दिल्ली आने विदेशी नागरिकों को निशाना बनाया। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी अस्पताल जाने वालों का पता लगाते थे और फिर उनका पीछा करते थे। उन्होंने बताया कि 16 जून को एक पीड़ित ने लाजपत नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद अहमद को गिरफ्तार किया गया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि वह अपनी पत्नी के साथ ग्रेटर कैलाश के एक अस्पताल से लौट रहा था, तभी तीन लोग एक कार में आए और उन्हें रोक लिया। पीड़ित ने बताया कि तीनों ने खुद को खुफिया एजेंसी का अधिकारी बताया और उसके बैग की तलाशी लेनी शुरू कर दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, बैग की तलाशी लेने के बाद आरोपी वहां से भाग गए। अधिकारी के अनुसार, पीड़ित की शिकायत के आधार पर लाजपत नगर थाने में आईपीसी की धारा 379 (चोरी के लिए सजा) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।