Delhi Govt Ganesh Chaturthi: दिल्ली की भाजपा सरकार 80 कृत्रिम तालाब तैयार करा रही है। गणेश चतुर्थी को देखते हुए सरकार ने खास योजना बनाई है। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि सरकार श्रद्धालुओं को हर सुविधा उपलब्ध कराकर उनकी धार्मिक भावनाओं को पूर्ण करने में सहयोग करेगी।
गणेश चतुर्थी में मूर्ति विसर्जन के लिए दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में 80 कृत्रिम घाट तैयार किए गए हैं। इन तालाबों में मूर्ति विसर्जन होने से यमुना को प्रदूषण से बचाने में मदद मिलेगी। इन तालाबों का पानी बाद में पौधों पर छिड़काव और अन्य कार्यों के लिए किया जा सकेगा और इस तरह जल को भी बर्बाद होने से बचाया जा सकेगा।
विज्ञापन
कृत्रिम तालाब तैयार कराए गए, इन इलाकों में होगा मूर्ति विसर्जन
दिल्ली सरकार ने बताया है कि मूर्ति विसर्जन के लिए पश्चिम दिल्ली में 20, पूर्वी दिल्ली में 16, उत्तर‐पश्चिम दिल्ली में 12, दक्षिण‐पूर्व में नौ, दक्षिण‐पश्चिम में सात, शाहदरा, दक्षिण और उत्तर‐पूर्व में पांच-पांच, मध्य दिल्ली में चार और उत्तरी दिल्ली में एक कृत्रिम तालाब तैयार किए जा रहे हैं। श्रद्धालु लोग इन तालाबों में निर्धारित समय के अनुसार मूर्ति विसर्जन कर सकेंगे।
पर्यावरण को किसी तरह का नुकसान न हो, इस बात पर पूरा ध्यान
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि सरकार श्रद्धालुओं को हर सुविधा उपलब्ध कराकर उनकी धार्मिक भावनाओं को पूर्ण करने में सहयोग करेगी। लेकिन इस दौरान इस बात का पूरा ध्यान रखा जाएगा कि पर्यावरण को किसी तरह का नुकसान न हो।
कृत्रिम तालाबों में मूर्ति विसर्जन कर यमुना को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील
उन्होंने कहा कि हमारा पहला कर्तव्य यमुना को स्वच्छ रखना है, लेकिन हर भक्त को उत्सव मनाने की पूरी सुविधा देना भी सरकार का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालु निर्धारित समय से इन कृत्रिम तालाबों में मूर्ति विसर्जन करें और यमुना को स्वच्छ रखने में सरकार का सहयोग दें।